Badaun News: बदायूं के विकास के सारथी बने महेश चंद्र गुप्ता! 106 करोड़ के भारी-भरकम बजट से चमकेगा शहर का बस अड्डा


शिखर संवाद ब्यूरो- 

Badaun News : बदायूं। कहते हैं कि यदि प्रयास सार्थक हों, तो सफलता कदम चूमती है। जनपद बदायूं के विकास को नई ऊंचाई देने के लिए शहर विधायक व पूर्व राज्यमंत्री महेश चंद्र गुप्ता का वर्षों पुराना सपना अब हकीकत में बदलने जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बदायूं में पीपीपी मॉडल पर अत्याधुनिक रोडवेज बस अड्डे के निर्माण के प्रस्ताव पर अपनी अंतिम मुहर लगा दी है। इसके लिए 106 करोड़ रुपये की भारी-भरकम धनराशि मंजूर की गई है, जिससे बदायूं का चेहरा पूरी तरह बदल जाएगा।

वर्ष 2022 से जारी था संघर्ष, अब खिला विकास का कमल

इस बड़ी उपलब्धि के पीछे विधायक महेश चंद्र गुप्ता की अनवरत मेहनत छिपी है। उन्होंने 5 जून 2022 को पहली बार परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह को पत्र लिखकर जिले में अंतरराष्ट्रीय मानकों वाले बस अड्डे की मांग उठाई थी। मंगलवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी मिलते ही बदायूं के स्वर्णिम अध्याय की शुरुआत हो गई। परिवहन मंत्री ने स्वयं पत्र लिखकर और वीडियो संदेश जारी कर विधायक के प्रयासों की सराहना की है।

विकास कार्य के लिए 106 रुपए का बजट

यह बस अड्डा केवल एक सरकारी भवन नहीं, बल्कि अत्याधुनिक सुख-सुविधाओं का केंद्र होगा। इसमें वातानुकूलित प्रतीक्षालय, महिलाओं व बुजुर्गों के लिए अलग विश्राम कक्ष, डिजिटल सूचना प्रणाली और स्मार्ट शौचालय जैसी सुविधाएं मिलेंगी। सुरक्षा के लिए चौबीस घंटे सीसीटीवी निगरानी और आगंतुकों के लिए फूड कोर्ट व मल्टीलेवल पार्किंग की व्यवस्था भी की जाएगी। विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने स्पष्ट किया है कि 106 करोड़ की राशि शुरुआती है। यदि भविष्य में और बजट की आवश्यकता पड़ी, तो सरकार से उसे भी उपलब्ध कराया जाएगा। इस परियोजना से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खुलेंगे और जिले की व्यापारिक गतिविधियों में भी जबरदस्त तेजी आएगी।

अंतरराष्ट्रीय मानकों से लैस होगा स्मार्ट अड्डा

बदायूं का नया बस अड्डा पीपीपी मॉडल पर बनेगा, जो निजी और सरकारी क्षेत्र की कुशलता का संगम होगा। विधायक महेश चंद्र गुप्ता के अनुसार, इसे सौर ऊर्जा (सोलर एनर्जी) पर आधारित बनाया जाएगा, जिससे ऊर्जा संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा। यहाँ दिव्यांगजनों के लिए विशेष रैंप, व्हीलचेयर और आपातकालीन चिकित्सा सुविधा भी उपलब्ध होगी। डिजिटल डिस्प्ले पर बसों की लाइव लोकेशन दिखेगी, जो इसे पूरी तरह 'स्मार्ट' बनाएगी।

जनता और व्यापारियों में हर्ष की लहर

परियोजना की मंजूरी के बाद जिले के व्यापारिक संगठनों और आम जनता में जबरदस्त उत्साह है। लोगों का कहना है कि विधायक महेश गुप्ता ने जो वादा किया था, उसे मुख्यमंत्री के आशीर्वाद से पूरा कर दिखाया है। व्यापारियों के अनुसार, इस हाईटेक बस अड्डे से न केवल यात्रियों को सुविधा होगी, बल्कि आसपास के क्षेत्रों में व्यापार का विस्तार होगा। परिवहन मंत्री ने भी माना कि यह उपलब्धि विधायक की दृढ़ इच्छाशक्ति का ही परिणाम है।

राजनीति केवल जनसेवा का एक माध्यम - महेश चंद्र गुप्ता

सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता का कहना है कि मैं कहता हूं कि जनता की सेवा के लिए ही राजनीति को उसका माध्यम बनाया है । आधुनिक बस अड्डे के प्रस्ताव पर हरी झंडी मिल जाना निश्चित तौर पर एक बड़ी उपलब्धि है । यह बस अड्डा न केवल शहर की पहचान बनेगा, बल्कि बदायूं को आधुनिक शहरों की श्रेणी में खड़ा करने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ